समिति में कुछ भी गड़बड़ी होने पर नोडल अधिकारी होंगे जिम्मेदारः.....

समिति में कुछ भी गड़बड़ी होने पर नोडल अधिकारी होंगे जिम्मेदारः- श्रीमती निहारिका बारिक : प्रभारी सचिव ने की जिले में धान खरीदी की समीक्षा

बिलासपुर 26 दिसंबर 2019

जिले के प्रभारी सचिव श्रीमती निहारिका बारिक सिंह ने आज जिले में  धान खरीदी के जिला स्तरीय नोडल अधिकारियों की बैठक लेकर समीक्षा की। उन्होंने कहा कि नोडल अधिकारी अपने कार्य को गंभीरता से करें। समितियों का सतत् निरीक्षण करें और नियमानुसार धान खरीदी हो रही है, यह सुनिश्चित करें। समिति में कुछ भी गड़बड़ी होने पर उनकी जिम्मेदारी होगी।
    मंथन सभाकक्ष में आयोजित बैठक में प्रभारी सचिव ने जिले में अब तक हुई धान खरीदी, बारदाने की उपलब्धता, खरीदी केन्द्रों में मापदण्ड के अनुरूप धान की स्टेकिंग आदि की समीक्षा की। जिला विपणन अधिकारी ने बताया कि जिले में 1 लाख 8 हजार 312 किसान पंजीकृत हैं, जिनके 1 लाख 48 हजार 599 हेक्टेयर रकबे की धान खरीदी की जायेगी। जिले में 4 लाख 66 हजार 840 मीट्रिक टन धान खरीदी का अनुमान है। लक्ष्य के अनुरूप अब तक 58 प्रतिशत खरीदी की जा चुकी है। नागरिक आपूर्ति निगम में 2 लाख 22 हजार 569 मीट्रिक टन चावल जमा करने का लक्ष्य है। कुल खरीदी का 47 प्रतिशत उठाव मिलर्स द्वारा कर लिया गया है। जिले में 112 मिलर्स पंजीकृत किये गये हैं, जिनमें 108 मिलर्स से अनुबंध कर लिया गया है। एफसीआई द्वारा आगामी सोमवार से चावल लेने का कार्य शुरू किया जायेगा।
कलेक्टर डॉ.संजय अलंग ने बताया कि सभी धान उपार्जन केन्द्रों से सीधे मिलर्स द्वारा धान उठाव किया जा सके, इसका प्रयास किया जा रहा है। मोटा व पतला धान का उचित अनुपात में उठाव हो सके, यह व्यवस्था की गई है। सभी खरीदी केन्द्रों मंे धान को बारिश से बचाने के लिये केप कव्हर की व्यवस्था की गई है। धान की मॉनिटरिंग और भौतिक सत्यापन का कार्य नोडल अधिकारियों द्वारा किया जा रहा है। नोडल अधिकारी के साथ विभिन्न विभागों के इंजीनियरों की ड्यूटी लगाई गई है। समिति स्तर पर भी कृषि विस्तार अधिकारियों को नोडल नियुक्त किया गया है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ