बिलासपुर ( दैनिक सेंट्रल न्यूज) ।
जिला निर्वाचन अधिकारी श्री पी दयानंद के निर्देश पर जिलेभर में बैनर-पोस्टर, होर्डिंग्स, फ्लैक्स को निगम और राजस्व अधिकारियों की संयुक्त टीम द्वारा हटा दिया गया। बिलासपुर शहर में 2 सौ से अधिक पोस्टर, 50 से अधिक होर्डिंग्स एवं फ्लैक्स हटाए गये एवं सौ से अधिक जगहों पर वाल पेंटिंग को मिटाया गया। आचार संहिता लगते ही जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्देश पर जिले में सभी प्रचार सामग्री को हटा दिया गया है।
आदर्श आचार संहिता लगने के बाद जिला निर्वाचन अधिकारी श्री पी दयानंद ने आज मंथन सभाकक्ष में सभी कार्यालय प्रमुखों की बैठक ली। बैठक में उन्होंने कहा कि आचार संहिता लगते ही जिला निर्वाचन कार्यालय में 24 घंटे कंट्रोल रूम स्थापित कर दिया गया है। निर्वाचन से संबंधित जितनी भी कमेटी बनाई गई हैं सभी तत्काल प्रभाव से क्रियाशील हो गई हैं। उन्होंने अधिकारियों को आदर्श आचार संहिता का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिये। निर्वाचन कार्यों में लापरवाही बरतने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही विशेष परिस्थितियों को छोड़कर अवकाश पर पूर्णत: प्रतिबंध रहेगा। कोई भी अधिकारी कर्मचारी जिला निर्वाचन अधिकारी से लिखित अनुमति बगैर न ही अवकाश ले सकेगा और न ही मुख्यालय छोड़ेगा।उन्होंने कहा कि आचार संहिता के दौरान शासकीय एवं निजी आवास का घेराव प्रतिबंधित रहेगा। बिना अनुमति के रैली एवं जुलूस नहीं निकाल सकेंगे। कोई भी अधिकारी नया टेंडर जारी नहीं करेगा और न हा नये प्रोजेक्ट की घोषणा होगी। वित्तीय अनुदान भी नहीं दिया जा सकेगा। सभी प्रिंटिंग प्रेस संचालक प्रचार सामग्री की समस्त मुद्रण जानकारी जिला निर्वाचन कार्यालय में जमा कराएंगे।
श्री दयानंद ने सभी रिटर्निंग और सहायक रिटर्निंग अधिकारियों को भी दिशा निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विधानसभा में 10-10 मतदान केंद्रों को मॉडल मतदान केंद्रों के रूप में विकसित करना है। जहां पर सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। जिसमें पीने का पानी, मतादाओं को धूप से बचने टेंट, कुर्सी, शौचालय, ,व्हीलचेयर समेत सभी सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। इसके अलावा सभी मतदान केंद्रो में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। श्री दयानंद ने सेक्टर ऑफिसर और रिटर्निंग ऑफिसर को मतदान केंद्रों का भ्रमण कर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि सभी मतदान केंद्रों में व्हीलचेयर एवं रैंप की सुविधा सुनिश्चित करें, साथ ही शौचालयों की मरम्मत, मतदान केंद्र में वैकल्पिक रोशनी का इंतजाम करें। मतदान केंद्रों में सात दिन के अंदर सभी कार्य हो जाने चाहिये। बैठक में अपर कलेक्टर श्री बीएस उइके, श्री विजय दयाराम, जिला पंचायत सीईओ श्रीमती फरीहा आलम सिद्दिकी, सहायक कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत, निगम आयुक्त श्री सौमिल रंजन चौबे सहित सभी कार्यालय प्रमुख उपस्थित रहे।

0 टिप्पणियाँ