एनसीसी कैडेट्स ने निकाली मतदाता जागरूकता रैली

बिलासपुर (दैनिक सेंट्रल न्यूज )। कलेक्टर श्री पी.दयानन्द ने आज एनसीसी कैडेट द्वारा निकाली जा रही मतदाता जागरूकता रैली को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। जागरूकता रैली सरकण्डा थाना से शुरू होकर लिंगियाडीह, राजकिशोर नगर होते हुए बहतराई स्टेडियम में समाप्त हुई। बहतराई स्टेडियम परिसर में कैडेट्स को संबोधित करते हुए कलेक्टर ने कहा कि एनसीसी के प्रशिक्षण में आप लोग अनुशासन में रहना सीखते हैं। प्रत्येक क्षेत्र में अनुशासन से ही सफलता मिलती है। वैसे ही प्रत्येक नागरिक को लोकतांत्रिक परम्पराओं के प्रति भी अनुशासित रहना चाहिए। लोकतंत्र ज्यादा से ज्यादा मतदान से ही मजबूत होता है। आप सभी लोग युवा हैं और युवाओं की बात समाज में गंभीरता से सुनी जाती है। इसके साथ ही आप लोग एनसीसी के कैडैट्स भी हैं इसलिए आपको सभी से शत-प्रतिशत मतदान की अपील करनी चाहिए। मतदान के दिन आपके आसपास जितने भी लोग हैं सभी को मतदान केन्द्र जाकर वोट डालने के लिए अवश्य कहें। इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री विजय दयाराम, जिला पंचायत सीईओ श्रीमती फरिहा आलम सिद्दिकी, कर्नल रजनीश माथुर, कमांडिंग आफिसर आशीष शर्मा, एसडीएम श्री देवेन्द्र पटेल, श्री आशुतोष चतुर्वेदी, श्री ओम पाण्डेय एवं बड़ी संख्या में एनसीसी के कैडेट्स उपस्थित रहे। 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ