बिलासपुर । संभागस्तरीय पुलिस खेलकूद प्रतियोगिता का समापन पुलिस ग्राउण्ड प्रांगड़ में पुलिस महानिरीक्षक श्री प्रदीप गुप्ता के मुख्य आतिथ्य तथा पुलिस अधीक्षक श्री अभिषेक मीणा की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। इस अवसर पर पुलिस महानिरीक्षक द्वारा अपने उद्बोधन में खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया गया तथा विभिन्न प्रतियोगिता में विजय प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को पुरूस्कृत किया । इस प्रतियोगिता में बिलासपुर पुलिस की टीम को सबसे अधिक स्वर्ण पदक जीतने वाले ओवल आॅल चैम्पियन की ट्रॉफी प्रदान की गई। सर्वश्रेष्ठ एथलीट में तदबीर सिंह बिलासपुर तथा ईश्वरी मरावी बिलासपुर को उनके एथलेक्टिस प्रतिस्पर्धा में व्यक्तिगत प्रदर्शन के आधार पर चुना गया। इसी प्रकार सभी खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने पर जिला कोरबा की रेहाना फातिमा को बेस्ट आलराउण्डर से पुरस्कृत किया गया।
आज प्रतिस्पर्धा के परिणाम निम्ननानुसार रहे :—बास्केटबॉल प्रतियोगिता में बिलासपुर ने जांजगीर—चॉपा को 46—16 के बड़े अंतर से हराते हुये विजय प्राप्त की, इसी तरह बॉलीबॉल में रायगढ़ ने जांजगीर—चॉपा को फायनल में परास्त करते हुये विजय प्राप्त की, कबड्डी प्रतियोगिता महिला में रायगढ़ विरूद्ध बिलासपुर के बीच आयोजित रोमांचक मुकाबले में 01 अंक के अन्तर से रायगढ़ ने जीत अर्जित की। इसी प्रकार कबड्डी पुरूष में रायगढ़ ने 52—16 के बड़े अन्तर से मुंगेली को हराते हुये विजय प्राप्त किया गया।
02 री वाहिनी सकरी में आयोजित शेष एथलेटिक्स की प्रतियोगिता के परिणामों में 800 मीटर पुरूष दौड़ में कोरबा के जोसेफ एक्का प्रथम तथा बिलासपुर के विरेन्द्र साहू द्वितीय रहे, इसी स्पर्धा में महिला वर्ग में कोरबा की दीपा साहू—प्रथम तथा कोरबा की ही लेखरूपा पटेल—द्वितीय स्थान पर रही। महिलाओं के 400 मीटर स्पर्धा में बिलासपुर की लक्ष्मी नेताम—प्रथम तथा जांजगीर की लक्ष्मी नेताम द्वितीय स्थान पर रही। पुरूषों के 200 मीटर दौड़ में बिलासपुर के तदबीर सिंह—प्रथम तथा बिलासपुर के ही संतोष—द्वितीय स्थान पर रहे। 04x100 रिलेदौड़ स्पर्धा के पुरूष वर्ग में बिलासपुर—प्रथम तथा मुंगेली—द्वितीय और महिला वर्ग में कोरबा—प्रथम तथा मुंगेली—द्वितीय स्थान पर रहे। 4x400 रिलेरेस स्पर्धा के पुरूष वर्ग में बिलासपुर—प्रथम तथा मुंगेली—द्वितीय स्थान रहे। इसी प्रकार महिला वर्ग में बिलासपुर—प्रथम तथा कोरबा—द्वितीय स्थान पर रहे। 110 मीटर बाधा दौड़ में बिलासपुर के आकाश डोंगरे—प्रथम तथा कोरबा के परमेश्वर—द्वितीय स्थान पर रहे। इसी स्पर्धा के महिला वर्ग में ईश्वरी मरावी—प्रथम तथा जांजगीर—चॉपा की मालती लहरे—द्वितीय स्थान पर रही।
कार्यक्रम के अन्त में आभार प्रदर्शन सहायक पुलिस महानिरीक्षक श्रीमति प्रतिभा पाण्डेय के द्वारा किया गया। खेलों के सफल आयोजन हेतु सभी खेलों के निर्णायकगण, मैच आफिशियल तथा मीडिया को धन्यवाद ज्ञापित किया गया। उक्त समापन समारोह में बिलासपुर पुलिस से अर्चना झा , रोहित बघेल समस्त राजपत्रित अधिकारी थाना प्रभारी तथा दर्शक उपस्थित रहे।


0 टिप्पणियाँ