मेडिकल सुरक्षा उपकरणों और सर्जिकल मास्क के विवेकपूर्ण उपयोग की अपील : मेडिकल स्टॉफ को अभी इनकी सबसे ज्यादा जरूरत, ....

मेडिकल सुरक्षा उपकरणों और सर्जिकल मास्क के विवेकपूर्ण उपयोग की अपील : कहा मेडिकल स्टॉफ को अभी इनकी सबसे ज्यादा जरूरत, गैरजरूरी उपयोग न हो

रायपुर. 27 मार्च 2020
स्वास्थ्य मंत्री श्री टी.एस. सिंहदेव ने कोविड-19 के संक्रमण के नियंत्रण एवं रोकथाम के बीच मेडिकल सुरक्षा उपकरणों और सर्जिकल मास्क के विवेकपूर्ण उपयोग की अपील की है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, पुलिस और मीडिया से अपील की है कि बीमारी के लक्षण न होने पर सर्जिकल मास्क का उपयोग न करें। श्री सिंहदेव ने कहा कि व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरणों और सर्जिकल मास्क का बेहतर, तर्कपूर्ण एवं जहां जरूरत हो वहीं उपयोग किया जाना चाहिए।
      स्वास्थ्य मंत्री ने आज यहां जारी अपने संदेश में कहा है कि छत्तीसगढ़ भी वैश्विक महामारी कोविड-19 से लड़ रहा है। इस विकट परिस्थिति में महामारी नियंत्रण की जिम्मेदारी के एक अनिवार्य अंग होने के नाते मेरी आप सबसे अपील है कि व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण और सर्जिकल मास्क मेडिकल टीमों के उपयोग के लिए सुरक्षित रखें। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में स्वास्थ्य विभाग को इलाज और देखभाल के दौरान सर्जिकल मास्क एन-95 और व्यक्तिगत सुरक्षात्मक उपकरणों की बहुत जरूरत पड़ेगी। ये संक्रमण के लक्षण या संक्रमण ग्रस्त लोगों के सीधे संपर्क में आने वाले मेडिकल स्टॉफ द्वारा प्रयोग किए जाएंगे। बिना जरूरत के इनके बहुत अधिक उपयोग से इनकी मांग में अत्यधिक वृद्धि देखने मिल रही है।
श्री सिंहदेव ने सुरक्षात्मक उपकरणों के तौर पर कपड़े से बने मास्क का उपयोग करने कहा है। इसे घर पर बनाया जा सकता है और साबुन या डिटर्जेंट से धोकर कई बार प्रयोग किया जा सकता है। उन्होंने छत्तीसगढ़ में इस स्वास्थ्य आपातकाल को जल्दी नियंत्रित करने के लिए अपनी शुभकामना भी प्रेषित की है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ